प्रज्ञात समाचार । सऊदी अरब ने अपने 50 वर्ष पुराने कफाला सिस्टम को आधिकारिक रूप से खत्म करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। इस प्रणाली के तहत विदेशी वर्कर्स की कानूनी स्थिति पूरी तरह उनके नियोक्ता पर निर्भर होती थी, जिससे श्रमिकों को नौकरी बदलने या देश छोड़ने के लिए नियोक्ता की अनुमति अनिवार्य थी।नए सुधारों के लागू होने के बाद अब करीब 1.3 करोड़ से अधिक विदेशी श्रमिकों को राहत मिलेगी। सरकार ने घोषणा की है कि वर्कर्स अब बिना एग्जिट वीजा के देश छोड़ सकेंगे और नई कंपनियों में स्वतंत्र रूप से नौकरी बदल सकेंगे।
सऊदी श्रम मंत्रालय के मुताबिक, इस कदम का उद्देश्य श्रमिक शोषण को कम करना, कामकाजी हालातों में सुधार लाना और विदेशी कामगारों के कानूनी अधिकारों को मज़बूत बनाना है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परिवर्तन सऊदी अरब की “विजन 2030” योजना के तहत श्रम बाजार को अधिक आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
सुधारों के बाद विदेशी कर्मचारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने अनुबंधों की निगरानी और शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी मिलेगी। स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे खाड़ी देशों में काम करने वाले लाखों प्रवासी कामगारों के जीवन में बड़ा बदलाव आएगा।


















































