गाजियाबाद। जनपद की चीनी मिल मोदीनगर में पेराई सत्र 2024-25 के अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर किसानों की लंबे समय से मांगें सुनवाई का रूप ले रही थीं। किसानों ने तहसील दिवस, किसान दिवस और अन्य मंचों पर बार-बार गन्ना मूल्य भुगतान की अपील की। इसी क्रम में जिलाधिकारी गाजियाबाद रविन्द्र कुमार माँदड़ ने चीनी मिल प्रबंधतंत्र के साथ बैठक कर दीपावली से पूर्व गन्ना मूल्य में कुल 25 करोड़ रुपये का भुगतान करने के स्पष्ट निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बैठक में यह भी कहा कि यदि चीनी मिल द्वारा निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं किया गया, तो उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई, यथा एफ.आई.आर. दर्ज कराने के निर्देश दिए जाएंगे। इन सख्त निर्देशों के अनुपालन में चीनी मिल मोदीनगर ने दीपावली के अवसर पर 16 अक्टूबर गुरुवार को पेराई सत्र 2024-25 के गन्ना मूल्य भुगतान मद में 15 करोड़ रुपये का तत्काल भुगतान किया। इस भुगतान से 25 मार्च 2025 तक का गन्ना मूल्य पूर्ण रूप से चुका दिया गया। इसके अतिरिक्त, पेराई सत्र 2024-25 के शेष भुगतान हेतु चीनी मिल ने 10 करोड़ रुपये के पोस्ट डेटेड चेक जारी किए, जिनकी धनराशि 30 अक्टूबर 2025 तक किसानों को प्राप्त हो जाएगी। इस प्रकार 31 मार्च 2025 तक का शेष गन्ना मूल्य भी सुनिश्चित रूप से चुका दिया जाएगा।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने पेराई सत्र 2024-25 के अवशेष गन्ना मूल्य का तत्काल भुगतान कराने के निर्देश जारी किए और साथ ही यह भी निर्देश दिए कि पेराई सत्र 2025-26 का शुभारंभ अक्टूबर 2025 के अंतिम सप्ताह में किया जाएगा। किसानों ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए दीपावली से पहले गन्ना मूल्य भुगतान कराने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर जिला गन्ना अधिकारी प्रदीप कुमार, राजन चौधरी, दीपक राणा, चौधरी रामपाल सिंह, वेद पाल सिंह मलिक, डी.डी. कौशिक सहित कई किसान बंधु उपस्थित थे। गन्ना किसानों के लिए यह कदम उनकी वित्तीय मजबूती और दीपावली के खुशहाल पर्व की तैयारी में महत्वपूर्ण साबित हुआ। जिलाधिकारी की सक्रियता और सख्त निर्देशों के चलते किसानों को समय पर भुगतान मिलने से उनके चेहरे पर राहत और संतोष साफ झलक रहा है।















































