प्रज्ञात समाचार | श्री ठाकुर द्वारा बालिका विद्यालय में आज दिवाली फेस्टा का आयोजन बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। विद्यालय प्रांगण रंग-बिरंगी सजावट और दीपों की रोशनी से जगमगा उठा, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय वातावरण में डूब गया।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया। सोलो डांस, ग्रुप डांस, गरबा, रंगोली प्रतियोगिता और “बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट” प्रदर्शनी जैसे आकर्षक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। छात्राओं की रचनात्मकता और प्रस्तुति ने दर्शकों से खूब सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्रीमती सुनीता दयाल (मेयर, गाजियाबाद), श्रीमती कनिका कौशिक (ओ.एस.डी.) और माननीय श्री दीपक सिंघल (आई.ए.एस., सेवानिवृत्त मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश सरकार) उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और छात्राओं तथा विद्यालय परिवार को दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन न केवल छात्रों की प्रतिभा निखारते हैं, बल्कि उनमें एकता, प्रेम और पर्यावरण संरक्षण के मूल्यों को भी सशक्त करते हैं। उन्होंने छात्राओं द्वारा बनाई गई रंगोलियों की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय संस्कृति की आत्मा को सुंदर रूप में प्रस्तुत किया है।विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम शर्मा और प्रबंधक श्री ज्ञानप्रकाश गोयल ने सभी अतिथियों और उपस्थित अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सृजनशीलता को बढ़ावा देते हैं।

























































